
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्राधिकृत अधिकारी और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त केदारनाथ गुप्ता ने असम प्रवास के दौरान वहां सहकारी बैंकों और पैक्स के जरिए किसानों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने 1 अक्टूबर को असम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की डिब्रूगढ़ शाखा का दौरा किया और बैंकिंग व्यवस्था के साथ कृषि ऋण वितरण की प्रक्रिया को समझा।
केदारनाथ गुप्ता ने असम में किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कृषि ऋण, किसानों तक योजनाओं की पहुंच और सहकारी समितियों की भूमिका को लेकर चर्चा की। उनका यह दौरा सहकारिता के जरिए किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के मॉडल को समझने के तौर पर देखा जा रहा है।
गुप्ता ने बताया कि पिछले 14 महीने के कार्यकाल में वे महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश और असम के राज्य सहकारी बैंकों का दौरा कर चुके हैं। इन दौरों में अलग-अलग राज्यों में सहकारिता से जुड़े कामकाज और केंद्र सरकार की ‘सहकार से समृद्धि’ पहल को जमीन पर लागू करने के तरीकों की जानकारी ली गई।
इन राज्यों में पैक्स समितियों और सहकारी बैंकों के जरिए किसानों तक पहुंच रही योजनाओं का भी अध्ययन किया गया। खास तौर पर कृषि ऋण, किसान हित की योजनाओं और सहकारी संस्थाओं के कामकाज को समझने पर जोर रहा। इसका उद्देश्य दूसरे राज्यों की बेहतर व्यवस्थाओं को छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाएं तलाशना है।
असम में हुई बैठक के दौरान गुप्ता ने असम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध संचालक और वरिष्ठ अधिकारियों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए चल रही सहकारी व्यवस्था की जानकारी भी साझा की। बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को कृषि कार्य के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पैक्स के जरिए धान खरीदी भी की जा रही है। सहकारी समितियों को किसानों और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
असम दौरे के दौरान असम स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध संचालक मिलन चंद्र दास, डीजीएम मन्यायु लहकर, कौशिक चक्रवर्ती, गगन ज्योति डेका, दीपंकर सरमा निओग और जीएम देबाजानी नाथ सहित बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।





