
बिलासपुर के बहतराई स्थित ‘खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में खिलाड़ियों को परोसे जा रहे भोजन की खराब गुणवत्ता पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। खिलाड़ियों की डाइट में लापरवाही की शिकायत मिलते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिलासपुर के विभागीय सहायक संचालक और भोजन सप्लाई करने वाली फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। दोनों से 24 घंटे के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन के साथ स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सच्चाई जानने ग्राउंड पर उतरेगी 2 सदस्यीय जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए खेल एवं युवा कल्याण संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने जमीनी स्तर पर वस्तुस्थिति की पड़ताल के लिए संचालनालय स्तर के दो खेल अधिकारियों की एक जांच समिति गठित कर दी है। यह समिति बहतराई सेंटर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का मौके पर परीक्षण करेगी और अपनी विस्तृत रिपोर्ट संचालनालय को सौंपेगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी।
डाइट और सुविधाओं से समझौता बर्दाश्त नहीं: खेल संचालक
खेल संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की पहली प्राथमिकता खिलाड़ियों को तय मानकों के मुताबिक स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण डाइट उपलब्ध कराना है। जांच में अगर किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता पाई गई, तो संबंधितों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त एक्शन लिया जाएगा। विभाग ने सभी अफसरों और वेंडर्स को तय गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं।





