छत्तीसगढ़व्यापार

भविष्य के छत्तीसगढ़ को संवारेंगे युवा टाउन प्लानर्स, 21 सहायक संचालकों को मिले नियुक्ति पत्र

राज्य गठन के 25 वर्षों में पहली बार नगर एवं ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 अधिकारियों की भर्ती; सीएम साय बोले- जनहित और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को वैज्ञानिक और सुनियोजित दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में युवा पेशेवरों की नई टीम को मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नवनियुक्त 21 सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद 25 वर्षों में जहां विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, वहीं अब एक साथ 21 युवा अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। यह कदम विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों के अनुसार शहरों को डिजाइन करने में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम की प्रमुख बातें

  • नक्शों से आगे जीवन की गुणवत्ता: मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने या लैंड-यूज तय करने का काम नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध लोगों के जीवन की गुणवत्ता से है। सुनियोजित बसाहट, चौड़ी सड़कें, सुगम परिवहन और ड्रेनेज सिस्टम से ही भविष्य की समस्याओं को टाला जा सकता है।

  • पारदर्शिता और संवेदनशीलता की अपील: सीएम ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा आम जनता की सेवा का माध्यम है। अधिकारी ऐसा माहौल बनाएं जिससे नागरिकों को छोटे-छोटे कामों या नक्शा स्वीकृति के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

  • ढाई साल में 15 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां: मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न सरकारी विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसमें पुलिस में 7 हजार, शिक्षा में 3 हजार और बिजली विभाग में 1200 से अधिक पद शामिल हैं।

  • छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम मिलाते हुए प्रदेश सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ पर तेजी से काम कर रही है।

  • मंत्रियों ने बढ़ाया उत्साह:

    • आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भर्ती पूरी निष्पक्षता से हुई है, इसलिए अधिकारी भी अपनी कार्यशैली में जनता के प्रति पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता दिखाएं।

    • वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा और तकनीकी ज्ञान से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और नवनियुक्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button