36 साल की सेवा पूरी, गुलजारी लाल तम्बोली को भावभीनी विदाई
जनसंपर्क संचालनालय में सम्मान समारोह, अधिकारियों और पत्रकारों ने सराहा सहयोगी स्वभाव

रायपुर। जनसंपर्क संचालनालय के सहायक ग्रेड-03 गुलजारी लाल तम्बोली शुक्रवार को अर्द्धवार्षिकी सेवानिवृत्ति पर सेवामुक्त हो गए। इस अवसर पर संचालनालय में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा स्वस्थ, सुखद और सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

तम्बोली ने अपने शासकीय सेवा जीवन की शुरुआत वर्ष 1990 में अविभाजित मध्यप्रदेश के मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एमपीआरएसटी) से की थी। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद वर्ष 2008 में वे प्रतिनियुक्ति पर जनसंपर्क विभाग से जुड़े और करीब 18 वर्षों तक अपनी सेवाएं देते रहे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण से अलग पहचान बनाई।
विदाई समारोह में जनसंपर्क संचालनालय के अपर संचालक उमेश मिश्रा ने श्री तम्बोली की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि तम्बोली ने पूरे सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। वहीं अपर संचालक आलोक देव ने उनके सरल, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव को अनुकरणीय बताते हुए उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए।
अपने विदाई संबोधन में श्री तम्बोली ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। समारोह में संचालनालय के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्री तम्बोली केवल विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ही नहीं, बल्कि पत्रकारों के बीच भी अपने सहयोगात्मक व्यवहार के कारण बेहद लोकप्रिय रहे। शासन की बैठकों, प्रेस कॉन्फ्रेंस और अन्य कार्यक्रमों के दौरान मीडिया समन्वय में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी। उनके सहज सहयोग से पत्रकारों को कवरेज में सुविधा मिलती थी, जिससे शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार संभव हो पाता था। उनके सेवानिवृत्त होने पर विभाग और मीडिया जगत ने उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।



