
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर प्रदेश की 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 626.25 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री निवास से आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपए सीधे महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने बताया कि योजना से मिली राशि ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव किया है। कई महिलाओं ने सिलाई-कढ़ाई और छोटे कारोबार शुरू किए हैं। वहीं कई परिवार इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ श्लखपति दीदीश् जैसी योजनाओं के जरिए भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी जल्द पूरी कर हर पात्र महिला तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। बस्तर संभाग में इस काम को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं। सरकार का दावा है कि योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण व एनीमिया की रोकथाम के साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिला है।



