प्रकाश कुमार सर्वे ने संभाला बिलासपुर नगर निगम के कमिश्नर की कमान
अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

प्रकाश कुमार सर्वे ने आज कमिश्नर बिलासपुर नगर निगम और एमडी, स्मार्ट सिटी की जिम्मेदार संभाल ली। सर्वे ने पदभार संभालते ही अवैध निर्माण वालों को संभलने के संकेत दे दिए। मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज ऑफिस में विभागों का निरीक्षण हो रहा है। योजनाओं की प्रगति और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के बाद शहर का निरीक्षण होगा। अगर किसी भी जगह अवैध निर्माण पाया जाता है और वह नियमों के खिलाफ है, तो उस पर वैधानिक कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। इसके अलावा शहर के रुके प्रोजेक्ट्स पर प्राथमिकता से काम होगा।
सफाई-जलापूर्ति पर कोताही बर्दास्त नहीं
नवपदस्थ कमिश्नर ने साफ किया कि सफाई, सड़क मरम्मत, जलापूर्ति और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं पर कोताही बर्दास्त नहीं होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में यदि कहीं अवैध निर्माण पाया गया, तो जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के निरीक्षण के साथ ही नए कमिश्नर के आने से प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी है। अब आने वाले दिनों में शहर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद की जा रही है।
अलग-अलग कामों का जायजा
कमिश्नर सर्वे ने निगम के अलग-अलग अनुभागों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने फाइलों के निपटारे, योजनाओं की प्रगति और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा भी की। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




