
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड के एक्टिव केसों की संख्या 3,395 तक पहुंच गई है देश में 22 मई को रोगियों की संख्या 257 थी. 26 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 1,010 हो गया और शनिवार को 3,395 पर पहुंच गया. आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 685 नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की मौत हुई है.
दिल्ली, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में एक-एक व्यक्ति ने जान गंवाई है. कोविड-19 की स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है. हालांकि, संक्रमण की गंभीरता कम है, ज्यादातर मरीजों की घर पर ही देखभाल की जा रही है और चिंता की कोई बात नहीं है.
किस राज्य में कितने मरीज
आंकड़ों में कहा गया है कि केरल में 1,336, महाराष्ट्र में 467, दिल्ली में 375, गुजरात में 265, कर्नाटक में 234, पश्चिम बंगाल में 205, तमिलनाडु में 185 और उत्तर प्रदेश में 117 लोग संक्रमित हैं. वहीं, ओडिशा में दो और लोगों के कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या सात हो गई है


भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा था कि पश्चिम और दक्षिण भारत में नमूनों की जीनोम अनुक्रमण से पता चला है कि नये स्वरूप गंभीर नहीं हैं और ये ओमीक्रॉन के उप-स्वरूप हैं.
ओमीक्रोन के चार उपस्वरूप एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और एनबी. 1.8.1 सामने आए हैं. उन्होंने कहा था कि पहले तीन स्वरूप के मामले ज्यादा हैं. डॉ. बहल ने कहा था, “हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं. इस समय, कुल मिलाकर, हमें निगरानी रखनी चाहिए, सतर्क रहना चाहिए, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है.”
नोएडा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 57
नोएडा में कोरोना वायरस फिर से डरा रहा है. बीते 24 घंटे के भीतर 14 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई आने से लोगों मे हड़कंप मचा है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है सभी को माइल्ड लक्षण यानी सामान्य जुकाम है. डरने की कोई जरूरत नहीं है. यहां पहले कोरोना संक्रमितों की संख्या 43 थी. नए केस आने के बाद नोएडा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 57 हो गई है.
नोएडा में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें.
बिहार में भी अलर्ट
बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में एक बार फिर से कोरोना के मरीज मिलने के बाद बिहार सरकार सतर्क हो गई है और इसकी निगरानी कर रही है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि कोरोना के इस नए वेरिएंट से डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोविड की जानकारी मिलने के बाद विभाग द्वारा सारी तैयारियां कर ली गई हैं. सभी प्रमुख अस्पतालों में कोविड की जांच की जा रही है. नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना वार्ड की भी व्यवस्था कर ली गई है.
कर्नाटक में कोरोना वायरस की स्थिति और स्कूलों को फिर से खोलने के मद्देनजर राज्य सरकार ने एक परिपत्र जारी किया है जिसमें अभिभावकों से कहा गया है कि अगर उनके बच्चों में बुखार, खांसी, जुकाम और अन्य लक्षण हैं तो वे उन्हें स्कूल न भेजें. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, दवाओं और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं.



