
आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं. ये बैठक पार्टी संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हुई.
संगठन को मजबूत करने के लिए चार राज्यों में प्रभारी और दो राज्यों में अध्यक्ष बनाए गए हैं.
इस बैठक में कई बड़े नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए गए हैं


दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी बनाया है. वहीं, गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है.
पार्टी द्वारा छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर संदीप पाठक ने पार्टी का धन्यवाद किया है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसे लेकर एक पोस्ट भी किया है. इस पोस्ट में संदीप पाठक ने लिखा कि छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में काम करने की ज़िम्मेदारी दिए जाने पर, मैं अरविंद केजरीवाल जी और पार्टी नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में आप की नियुक्तियां:
गुजरात: गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है, जबकि दुर्गेश पाठक को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.
पंजाब: मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है और सतेंद्र जैन को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
गोवा: पंकज गुप्ता को गोवा का प्रभारी नियुक्त किया गया है. उनके साथ दीपक सिंगला, आभाष चंदेला और अंकुश नारंग को सह प्रभारी बनाया गया है.
जम्मू-कश्मीर: मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.



