बांग्लादेश से भागे हजारों हिंदू, नाले में खड़े होकर मिन्नतें करने को मजबूर; “लगा रहे जय श्री राम का नारा”
BSF समझाकर वापस बांग्लादेश भेज रही

बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बढ़ गया है। खासकर हिंदू अपने घर छोड़कर भारत के सामने शरण की गुहार लगा रहे हैं। हजारों हिंदू नदी, नालों और झाड़ियों को पार करके भारत में आने की फिराक में हैं। बंगाल के कूचबिहार के सितालकुची में लगभग 1000 बांग्लादेशी नाले में खड़े होकर बीएसएफ से मिन्नतें करने को मजबूर हैं। वहीं बीएसएफ के सामने भी देश की सुरक्षा की चुनौती है। बीएसएफ के अधिकारियों का कहना है कि अब तक भारत में घुसने की कोशिश करने वालों का यह सबसे बड़ा ग्रुप है।
कूछविहार के काशियार बारूनी इलाके के पठानतुली गांव के पास बांग्लादेश की सीमा पर ऊंचे तार लगे हुए हैं। वहीं बीच में एक बड़ा नाला भी है। बांग्लादेश से भागे हजारों लोग इस नाले में खड़े होकर गिड़गिड़ाने रहे हैं। बीएसएफ के जवानों ने इन्हें सीमा से 150 गज की दूरी पर जीरो पॉइंट पर ही रोक दिया। बीएसएफ के जवानों ने उनसे अपील की कि वे अपने घरों को लौट जाएं लेकिन कोई भी तैयार ना हुआ। ये लोग बांग्लादेश के रंगपुर जिले के दोई खावा और गेंदुगुरी गांव के हैं।
BSF के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश से आग्रह किया कि अपने लोगों को वापस बुला लें। बीएसएफ के एक बयान में कहा गया, सीमा सुरक्षा और मानवीय सहायता के बीच उन्हें बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। बीएसएफ के जवानों को जो आदेश दिया गया है उसका पालन कर रहे हैं। बता दें कि बंगाल के नॉर्थ 24 परगना के पेट्रापोल में कई दिनों से बांग्लादेशियों का आना जारी है।




