Featureबिहारराजनीति

अब सारण तटबंध पर 103 करोड़ से बनेगी सड़क, दौड़ेगी विकास की गाड़ी : मिथिलेश तिवारी

- बैकुंठपुर प्यारेपुर से सरफरा (बरौली) के बीच 40 किमी तक बनेगा सड़क - दियारेवासियों के विकास को मिलेगी नई ऊंचाई

गोपालगंज । बैकुंठपुर के प्यारेपुर से लेकर सरफरा (बरौली) के बीच 40 किमी तक करीब 103 करोड़ की लागत से सारण तटबंध पर सड़क निर्माण होगा, जिससे विकास की गाड़ी रफ्तार में दौड़ेगी। उक्त वक्तव्य बैकुंठपुर विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक और बक्सर लोकसभा के प्रत्याशी रहे मिथिलेश तिवारी ने गोपालगंज में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पत्रकारों से कहा।

इस सड़क के निर्माण से सारण तटबंध के 0 किमी सोनपुर से लेकर लेकर सरफरा तक न सिर्फ आवागमन आसान होगा बल्कि इससे दियारा के लोगों के लिए विकास का नया आयाम पैदा होगा। इस सड़क से राजधानी पटना की दूरी भी कम होगी।

उन्होंने बताया कि इससे 1136 गांव के लगभग 16 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे युवाओं को कई प्रकार के लाभ प्राप्त हो सकेंगे।उन्होंने बताया कि इस सड़क निर्माण हेतु ठिकेदार बहाल हो गए हैं और जल्द ही इसपर काम प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि मैने अपने कार्यकाल में 2017 में ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की ली गई सहमति और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शासकीय सहमति की पहल की थी। वर्ष 2017 के 4 अगस्त को मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र का हवाला देते हुए बताया कि सारण तटबंध के 80 किमी (प्यारेपुर) से लेकर 120 किमी (सरफरा) तक के तटबंध के शीर्ष पर सड़क बनाने के प्रस्ताव की अनुशंसा किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री को निवेदित करते हुए उनसे संबंधित विभाग को प्रेषित करने की बात कही थी।

एक प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में तत्कालीन जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने अपने एक पत्र क्रमांक 417 दिनांक 28.8.2020 के माध्यम से मुझसे कहा था कि इस योजना को विभागीय योजना समीक्षा समिति द्वारा बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम के तहत कार्यान्वित कराए जाने हेतु अनुशंसा की गई, जिसपर विभागीय योजना प्राप्त है।
इस तटबंध के सोनपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के अहिरौली दान सड़क में से बिहार बॉर्डर तक के 72 किमी तक के सभी सड़क निर्माण में शेष 32 किमी में भी सड़क निर्माण की जिम्मेदारी किसकी होगी के एक प्रश्न के जवाब में श्री तिवारी ने कहा कि शेष सड़क बनाने की जिम्मेदारी भी हमारी है, जिसकी कवायद जल्द ही प्रारंभ की जाएगी।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई सवालों का जवाब देते हुए इस तटबंध पर रोड निर्माण के अपने योगदान के प्रत्येक कदम की जानकारी दी।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष मंटू गिरी, पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मार्कण्डेय शर्मा, भाजपा नेता और पूर्व जिला पार्षद राजू सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थें।

Related Articles

Back to top button