अरणी मंथन से प्रगट अग्नि के हवन कुंड में स्वाहा स्वाहा गूंजायमान हो रहा है- यज्ञ में वर्षा कर इंद्रदेव ने प्रसन्नता प्रगट की-संतान प्राप्ति हेतु महिलाओं ने यज्ञ मंडप में प्रसाद ग्रहण किया
arani manthan

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित श्री राजराजेश्वरी महामाया माता मंदिर में जारी श्री दिव्य रुद्र महायज्ञ के तृतीय दिवस अग्नि मंथन से प्रकट अग्नि के हवन कुंड में हवन,मंत्रोपचार से किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में स्वाहा स्वाहा की ध्वनि गुंजायमान हो रही है। मंदिर समिति के सचिव व्यास नारायण तिवारी एवं

न्यासी पं विजय कुमार झा ने बताया है कि प्राकृतिक विधि से अरणी मंथन कर अग्नि प्रकट हुआ। यज्ञ स्थल पर इस दृश्य को देखकर श्रद्धालुजन भाव विभोर हो गए तथा जय जयकार किया गया। आज न्यास समिति व छत्तीसगढ़ की जनता के प्रतिनिधि स्वरूप आचार्य पं राजेंद्र प्रसाद तिवारी, थान खमरिया वाले के सानिध्य में अनेक ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोचार के साथ हवन कुंड में मंदिर व्यवस्थापक दुर्गा प्रसाद पाठक, ग्राम व्यवस्थापक महेंद्र पांडे, न्यासी सत्यनारायण अग्रवाल ने यज्ञ में हवन किया। मंदिर के आचार्य पं लाल जी त्रिपाठी द्वारा मंदिर के पुजारी श्रीकांत पांडे एवं श्री मनोज शुक्ला के साथ यज्ञ की गति को प्रदान किया। यज्ञ आचार्य श्री तिवारी ने संध्या संतान की कामना करने वाली महिलाओं को खीर का विशेष प्रसाद मंदिर प्रांगण में वितरित किया, जिसे मंदिर में ही ग्रहण किया जाना था।

जनकल्याणार्थ गुप्त नवरात्रि से जारी इस यज्ञ में किए जा रहे हवन से वायुमंडल में शुद्धता तथा यज्ञ में इंद्रदेव की प्रसन्नता के कारण रात्रि वर्षा होने से पृथ्वी: शांति, आप: शांति प्रमाणित हुआ तथा देवी देवता प्रसन्न हुए। मंदिर समिति के अध्यक्ष आनंद शर्मा, ललित तिवारी, शेखर दुबे, विजय शंकर अग्रवाल, कृपाराम यदु, कुंज लाल यदु, सूरज फुटान, उपेंद्र शुक्ला, कार्यकर्ता देवेंद्र शर्मा, दिलीप अग्रवाल, आदि के साथ सक्रिय सहयोग से संपूर्ण यज्ञ की व्यवस्था की जा रही है। यज्ञ के दौरान मंदिर के शिखर पर अनेक बार कबूतर जोड़ों को भी बैठे वह यज्ञ में शामिल होते हुए दर्शनार्थियों ने दर्शन लाभ प्राप्त किया। आज ही यज्ञ के तृतीय दिवस मंदिर के गौशाला में एक गौमाता ने बछड़े को जन्म दिया इसका दर्शन कर श्रद्धालुगण इसे भी शुभ संकेत मान रहे थे। आरती उपरांत आचार्य श्री तिवारी जी से न्यासी लोगों ने आशीर्वाद प्राप्त किया।



